थाना अलीराजपुर के ग्राम गिलझरी में खाटला बैठक, खाटला बैठक के माध्यम से जन जागरूकता किया गया प्रयास।
✍️जुबेर निजामी की रिपोर्ट
अलीराजपुर पुलिस द्वारा अभियान के रूप मे चलाया जा रहा खाटला बैठक अभियान।दिनांक– 16 मई, 2025 पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री राजेश व्यास के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में अलीराजपुर जिले के आदिवासी अंचलों में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, साइबर सुरक्षा तथा जन-जागरूकता हेतु “खाटला बैठक” जैसे लोकसंवादी माध्यमों का सफलतापूर्वक प्रयोग किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 16 मई को थाना अलीराजपुर के ग्राम गिलझरी मे थाना प्रभारी अलीराजपुर निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में खाटला बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन, महिला-पुरुष, जनप्रतिनिधि एवं समाज के अन्य सम्माननीय नागरिक उपस्थित हुए। बैठक का मूल उद्देश्य ग्रामीण समाज को उन बुराइयों एवं अपराधों के प्रति जागरूक करना था, जो परंपरा, अज्ञानता या तकनीकी अशिक्षा के कारण अब भी समाज में मौजूद हैं।
खाटला बैठक के मुख्य बिंदु एवं संदेश:
नशा मुक्ति एवं नैतिक जागरूकता: ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शराब, तंबाकू व अन्य मादक पदार्थों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि ये न केवल स्वास्थ्य को हानि पहुंचाते हैं, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक विघटन का कारण भी बनते हैं।
युवा वर्ग की दिशा निर्धारण पर विशेष बल: खाटला बैठक के दौरान बताया कि वर्तमान में कुछ युवा मोबाइल की लत, नशा एवं दोपहिया वाहन के अंधाधुंध प्रयोग के चलते अपराधों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे अभिभावकों को बाद में कानूनी एवं सामाजिक संकटों का सामना करना पड़ता है। माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें, उनकी संगत जानें और समय पर संवाद के माध्यम से उन्हें समझाये।
महिला सम्मान एवं बाल संरक्षण:समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार, बाल विवाह के खिलाफ चेतना और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
सामाजिक कार्यक्रमों में अनुशासन:उत्सवों एवं सामाजिक आयोजनों में डीजे, शराब आदि पर अनावश्यक व्यय की आलोचना करते हुए अपील की गई कि ग्रामीण ऐसे खर्चों से बचें और सादगीपूर्ण व मर्यादित आयोजन करें।
बाल विवाह-खाटला बैठक में बाल विवाह से उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्यगत, सामाजिक व मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही पुलिस द्वारा यह अपील की गई कि समाज में व्याप्त इस प्रकार की कुप्रथाओं का सभी मिलकर विरोध करें एवं किशोरावस्था में विवाह रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

